नगर परिषद डूमरकछार के वार्ड क्रमांक 01 निवासी श्रीमती आरती गुप्ता किराना दुकान चलाती हैं। दुकान से होने वाली आमदनी से वे अपने परिवार की जरूरतें पूरी करती हैं। दुकान में सामान बढ़ाने और व्यवसाय को आगे ले जाने की इच्छा थी, लेकिन एक साथ अधिक राशि की व्यवस्था कर पाना उनके लिए आसान नहीं था।
पीएम स्वनिधि योजना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने नगर परिषद की एनयूएलएम शाखा से संपर्क किया और आवश्यक प्रक्रिया पूरी की। योजना के तहत उन्हें 10 हजार रुपये का ऋण मिला। इस राशि से उन्होंने अपनी किराना दुकान के लिए आवश्यक सामान खरीदा, जिससे दुकान में सामान की उपलब्धता बढ़ी और रोजमर्रा का व्यवसाय सुचारू रूप से चलाने में मदद मिली।
आरती गुप्ता ने समय पर 10 हजार रुपये का ऋण जमा किया। इसके बाद उन्हें योजना के तहत 20 हजार रुपये का ऋण प्राप्त हुआ। वे इस राशि का भी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार भुगतान कर रही हैं। आरती बताती हैं कि छोटी-छोटी जरूरतों के लिए पूंजी की व्यवस्था करने में योजना से उन्हें काफी सहूलियत मिली है।
आज वे अपनी किराना दुकान का काम पहले की तुलना में बेहतर तरीके से कर पा रही हैं और परिवार की आर्थिक जरूरतों में भी अपना योगदान दे रही हैं। श्रीमती आरती गुप्ता पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से मिले सहयोग के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करती हैं।


