महर्षि वाल्मीकि जी की जयंती के पावन अवसर पर अशोकनगर जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल करीला में सोमवार को समरसता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में जनजाति आयोग के सदस्य श्री बारेलाल अहिरवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कार्यक्रम में सहभागिता कर उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया तथा महर्षि वाल्मीकि जी के जीवन, उनके आदर्शों और समाज को दिए गए अमूल्य योगदान को स्मरण किया। श्री अहिरवार ने कहा कि आज हमारे संपूर्ण भारत वर्ष में महर्षि बाल्मीकि जयंती आयोजित की जा रही है। उन्होंने कहा कि समरसता सम्मेलन का उद्देश्य समाज में आपसी सद्भाव, भाईचारे, समानता और एकता की भावना को मजबूत करना रहा। इस अवसर पर महर्षि वाल्मीकि जी के जीवन दर्शन और उनकी शिक्षाओं के महत्व पर प्रकाश डाला गया। उनके आदर्श समाज को सत्य, सदाचार, कर्तव्यनिष्ठा और मानवीय मूल्यों के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि समाज को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने हेतु युवाओं को स्वरोजगार जोडे जाने के लिये जागरूक करना होगा। कार्यक्रम में विशिष्ठ अतिथि के रूप में मुंगावली विधायक श्री बृजेंद्र सिंह यादव ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि जी ने अपनी महान रचना रामायण के माध्यम से भारतीय संस्कृति, नैतिकता और आदर्श जीवन मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाया। उनका जीवन और कृतित्व समाज को सदैव प्रेरणा देता रहेगा। उनकी जयंती पर आयोजित इस प्रकार के सम्मेलन सामाजिक एकता को प्रोत्साहित करने तथा विभिन्न वर्गों के बीच परस्पर सम्मान और सहयोग की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के द्वारा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के स्टॉल लगाकर लोगों को जानकारी दी गई। इस अवसर पर महंत श्री नारायण दास जी,सपना नहारिया,नरेश बालू,जितेन्द्र नहारिया,प्रकाश नहारिया,रवि मोहने, सहित समाजसेवी, जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे।
जनजाति आयोग के सदस्य श्री बारेलाल अहिरवार ने की सहभागिता, सामाजिक समरसता और एकता का दिया संदेश महर्षि वाल्मीकि जयंती पर करीला में समरसता सम्मेलन आयोजित
हंगामा डेस्क · 26 अक्टूबर 2026 · 3 मिनट


