मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अशोकनगर श्री सतीश चंद्र शर्मा के मार्गदर्शन में न्यायोत्सव: विधिक सेवा सप्ताह
2026 (दिनांक 14 नवंबर से 20 नवंबर 2026) के अंतर्गत रविवार को जिला मुख्यालय अशोकनगर में विधिक जागरूकता के उद्देश्य से भव्य मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अशोकनगर श्री सतीश चंद्र शर्मा द्वारा किया गया। इस अवसर पर माननीय प्रधान न्यायाधीश, कुटुंब न्यायालय श्री केशव मणि सिंघल, जिला न्यायाधीश एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री अभिषेक नागराज सहित जिला न्यायालय के समस्त सम्माननीय न्यायाधीश जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री हेमंत कुशवाह उपस्थित रहे। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश द्वारा मैराथन दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर न्यायाधीशगण ने भी मैराथन दौड़ में सहभागिता कर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। मैराथन दौड़ जिला न्यायालय परिसर अशोकनगर से प्रारंभ होकर गुना रोड स्थित हीरो शोरूम तक पहुंची तथा वहां से पुनः जिला न्यायालय परिसर अशोकनगर वापस आकर संपन्न हुई। मैराथन दौड़ में न्यायिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों सहित विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उक्त मैराथन दौड़ में जिला न्यायालय के समस्त न्यायाधीशगण, अधिवक्तागण, लीगल एड डिफेंस काउंसिल (LADC) के अधिवक्तागण, पैनल अधिवक्तागण, न्यायालयीन कर्मचारीगण, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी एवं कर्मचारीगण, विधि महाविद्यालय के विद्यार्थी, संस्कार एकेडमी स्कूल के छात्र-छात्राएं एवं शिक्षकगण, एनसीसी कैडेट्स तथा पैरालीगल वॉलिंटियर्स (PLVs) सहित अन्य प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री सतीश चंद्र शर्मा एवं मैडम श्रीमती प्रतिभा ने मैराथन दौड़ के आयोजन के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह का मुख्य उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक न्याय एवं विधिक सहायता की पहुंच सुनिश्चित करना है। विधिक जागरूकता केवल न्यायालयों तक सीमित न रहकर आमजन तक पहुंचनी चाहिए, ताकि प्रत्येक व्यक्ति अपने अधिकारों एवं कानून द्वारा प्रदत्त सुविधाओं के प्रति जागरूक हो सके। मैराथन दौड़ के माध्यम से समाज को यह संदेश दिया गया कि न्याय की दिशा में प्रत्येक कदम महत्वपूर्ण है तथा विधिक जागरूकता के प्रसार में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है।
मैराथन दौड़ के माध्यम से आमजन को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA), मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित निःशुल्क विधिक सहायता एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करने का संदेश दिया गया। साथ ही यह भी बताया गया कि समाज के आर्थिक रूप से कमजोर, वंचित एवं जरूरतमंद व्यक्ति निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने के पात्र हैं। इसके लिए राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 पर संपर्क किया जा सकता है। कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं, विद्यार्थियों, एनसीसी कैडेट्स एवं पैरालीगल वॉलिंटियर्स की सक्रिय सहभागिता ने यह संदेश दिया कि न्याय एवं विधिक जागरूकता के प्रसार में समाज के प्रत्येक वर्ग की महत्वपूर्ण भूमिका है।



