आगामी नवरात्रि एवं दशहरा त्यौहार को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं आपसी भाईचारे के वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर कलेक्टर श्री भूपेन्द्र कुशवाहा ने की। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मंजीत सिंह चावला, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व दतिया सुश्री सोनाली राजपूत, शांति समिति के सदस्य, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।

बैठक में आगामी नवरात्रि एवं दशहरा पर्व के दौरान जिले में आयोजित होने वाले धार्मिक कार्यक्रमों, दुर्गा एवं काली माता प्रतिमाओं की स्थापना, विसर्जन, विजय काली माता मंदिर मेला तथा दशहरा चल समारोह एवं दहन सहित अन्य आयोजनों के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। अपर कलेक्टर श्री भूपेन्द्र कुशवाहा ने कहा कि दतिया की पहचान धार्मिक एवं सांस्कृतिक सौहार्द के लिए है।

सभी त्यौहार आपसी प्रेम, भाईचारे एवं सद्भाव के साथ मनाए जाएं, यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि त्यौहारों के दौरान आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं। धार्मिक स्थलों एवं प्रमुख आयोजन स्थलों पर साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए।

उन्होंने निर्देश दिए कि माता के पंडालों में अस्थायी विद्युत कनेक्शन किए जाये। साथ ही प्रतिमाओं की ऊंचाई विद्युत लाइन की ऊंचाई के अनुसार निर्धारित की जाए। बैठक में त्यौहारों के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में आवश्यक पुलिस बल की तैनाती, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी तथा जुलूस एवं चल समारोह के निर्धारित मार्गों पर आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर भी चर्चा की गई।

अधिकारियों ने समिति के सदस्यों से आयोजन के दौरान प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं व्यवस्थाओं का पालन करने का आग्रह किया। अपर कलेक्टर श्री कुशवाहा ने कहा कि त्यौहारों के दौरान सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक अथवा आपत्तिजनक सूचनाओं पर भी नजर रखी जाएगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें और बिना पुष्टि के किसी संदेश अथवा वीडियो को सोशल मीडिया पर प्रसारित न करें।

किसी भी प्रकार की संदिग्ध अथवा आपत्तिजनक गतिविधि की जानकारी तत्काल प्रशासन या पुलिस को दें। शांति समिति के सदस्यों ने भी आगामी त्यौहारों को लेकर अपने सुझाव दिए तथा प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। सदस्यों ने कहा कि दतिया की गौरवशाली परंपरा के अनुरूप सभी समुदाय मिल-जुलकर नवरात्रि एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाएंगे।

बैठक के अंत में अपर कलेक्टर श्री भूपेन्द्र कुशवाहा ने सभी संबंधित विभागों एवं शांति समिति के सदस्यों से समन्वय के साथ कार्य करते हुए आगामी नवरात्रि एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में सहयोग की अपेक्षा की।