सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत संचालित “ सेवा मेरा योगदान ” अभियान के तहत रविवार को शासकीय पी.सी. सेठी हॉस्पिटल, इंदौर में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ सांसद श्री शंकर लालवानी द्वारा किया गया।

शिविर में आमजन को विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं। इस दौरान गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच, गैर-संचारी रोग ( NCD) स्क्रीनिंग, ABHA ID का निर्माण एवं आयुष्मान कार्ड बनाने की सुविधा प्रदान की गई। साथ ही बड़ी संख्या में विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया।

शिविर में 200 से अधिक लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। स्वास्थ्य परीक्षण के साथ-साथ नागरिकों को विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं एवं उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में आवश्यक जानकारी भी प्रदान की गई।

“ सेवा मेरा योगदान ” अभियान के अंतर्गत इंदौर शहर में जनसामान्य को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने के उद्देश्य से कुल 74 स्वास्थ्य शिविर विभिन्न संजीवनी क्लिनिक एवं शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ( UPHC) में आयोजित किए गए हैं। इन शिविरों में 3247नागरिकों ने निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया है।

शिविर के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला इंदौर, शासकीय पी.सी. सेठी हॉस्पिटल के संस्था प्रभारी डॉ. निखिल ओझा सहित चिकित्सकीय एवं पैरामेडिकल स्टाफ उपस्थित रहा। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा शिविर को सफल बनाने के लिए सक्रिय रूप से सेवाएं प्रदान की गईं।

मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए सांसद श्री शंकर लालवानी ने कहा कि इंदौर सचेत और जागरूक नागरिकों का शहर है।

मेरा आपसे अनुरोध है कि केवल बीमार पड़ने पर ही अपना स्वास्थ्य परीक्षण न करवाए स्वस्थ रहते हुए हैं भी समय-समय पर अपना नियमित अंतराल से स्वास्थ्य परिक्षण करवाते रहें ताकि आपको आने वाली किसी भी स्वास्थ्य समस्या के बारे में पहले से ही जानकारी मिल जाए और समय रहते आप सावधानीपूर्वक उसका उपचार करवा सके।

मैं किसी भी स्वास्थ्य शिविर में जाकर अपना स्वयं का परीक्षण भी अवश्य करवाता हूं स्वस्थ इंदौर की संकल्पना तभी साकार होगी कि जब हम सब सचेत और जागरूक होंगे। स्वास्थ्य विभाग द्वारा “ सेवा मेरा योगदान ” अभियान के माध्यम से जन-जन तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने एवं स्वस्थ इंदौर की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।