कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने मंगलवार को आजीविका कला दीर्घा भवन, झाबुआ में दीप प्रज्ज्वलित कर दो दिवसीय दीपोत्सव-2026 का शुभारंभ किया। जिला प्रशासन द्वारा "वोकल फॉर लोकल" अभियान के अंतर्गत आयोजित दीपोत्सव का उद्देश्य स्थानीय एवं स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहन देना, ग्रामीण कारीगरों के कौशल को बढ़ावा देना तथा स्वरोजगार एवं आजीविका के अवसरों को सशक्त बनाना है।

शुभारंभ के उपरांत कलेक्टर डॉ. भरसट ने दीपोत्सव में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों की आजीविका दीदियों, दिव्यांगजनों एवं ग्रामीण कारीगरों द्वारा निर्मित उत्पादों की जानकारी प्राप्त की तथा उनके कौशल एवं रचनात्मक प्रयासों की सराहना की। इस दौरान उन्होंने उत्पादों के निर्माण, गुणवत्ता एवं विक्रय संबंधी जानकारी लेते हुए स्थानीय उत्पादों को अधिक से अधिक प्रोत्साहित करने की बात कही।

कलेक्टर डॉ. भरसट ने कहा कि स्थानीय एवं स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देना आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। ऐसे आयोजनों से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं, दिव्यांगजनों एवं ग्रामीण कारीगरों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं विक्रय के लिए बेहतर मंच उपलब्ध होता है। उन्होंने जिले के नागरिकों से अपील की कि वे दीपोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर स्थानीय एवं स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी करें तथा "वोकल फॉर लोकल" अभियान को सफल बनाने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।

दीपोत्सव-2026 में स्वयं सहायता समूहों की आजीविका दीदियों, दिव्यांगजनों, बाल संप्रेक्षण गृह के बच्चों एवं ग्रामीण कारीगरों द्वारा निर्मित विभिन्न आकर्षक सामग्रियों की प्रदर्शनी एवं विक्रय किया जा रहा है। आयोजन में गलसन माला, बांस से निर्मित सामग्री, मिठाई, नमकीन, चिप्स, सेव, टमाटर केचप, टोस्ट, खारी, सोयाबीन तेल सहित विभिन्न खाद्य पदार्थ, मिट्टी के घोड़े, दीपक, कुल्हड़, गोबर से निर्मित गणेश प्रतिमाएं, टेराकोटा मूर्तियां, पिथौरा पेंटिंग, रंगोली के रंग, मोरपंख, तोरण, गुड़िया, डिजाइनर दीपक, लाइटिंग सामग्री, सजावटी उत्पाद, जैविक सामग्री एवं दालों सहित अन्य स्थानीय उत्पादों के स्टॉल लगाए गए हैं।

यह दो दिवसीय दीपोत्सव 03 एवं 04 नवम्बर 2026 को प्रातः 10 बजे से रात्रि 8 बजे तक आजीविका कला दीर्घा भवन, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा कार्यालय के सामने, झाबुआ में आयोजित किया जा रहा है। आयोजन के माध्यम से स्थानीय कारीगरों एवं स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों के लिए बाजार उपलब्ध होने के साथ ही उनकी आजीविका एवं आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा।

जिला प्रशासन ने समस्त जिलेवासियों से दीपोत्सव-2026 में सहभागिता कर स्थानीय उत्पादों की खरीदारी करने एवं ग्रामीण कारीगरों तथा आजीविका दीदियों के प्रयासों को प्रोत्साहित करने की अपील की है।

इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जितेन्द्रसिंह चौहान एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।