कटनी (29 अक्टूबर) - दृष्टिदिव्यांग बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने और उनकी शैक्षणिक बाधाओं को दूर करने के उद्देश्य से दो दिवसीय प्रशिक्षण एवं ICT उपकरण वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देशन तथा जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती हरसिमरनप्रीत कौर के मार्गदर्शन में जिला शिक्षा केंद्र कटनी के मार्गदर्शन तथा साइटसेवर्स इंडिया द्वारा संचालित समावेशी शिक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में दृष्टिदिव्यांग बच्चों को आधुनिक तकनीकी उपकरण उपलब्ध कराए गए। कार्यक्रम के दौरान 8 डेजी प्लेयर, 6 स्मार्टफोन और 3 लैपटॉप वितरित किए गए। साथ ही दृष्टिदिव्यांग बच्चों एवं उनके एनिमेटर्स को ICT उपकरणों के उपयोग और प्रतिपूरक कौशल का प्रशिक्षण दिया गया, ताकि बच्चे तकनीक की मदद से अपनी पढ़ाई अधिक सरलता और सुगमता से कर सकें।तकनीकी प्रशिक्षण से पढ़ाई होगी आसान प्रशिक्षण के दौरान भोपाल से आए प्रशिक्षक श्री संतोष खरे ने बच्चों को डेजी प्लेयर, स्मार्टफोन एवं लैपटॉप के माध्यम से अध्ययन करने की तकनीक समझाई। उन्होंने उपकरणों के प्रभावी उपयोग की जानकारी देते हुए बताया कि सहायक तकनीक दृष्टिदिव्यांग बच्चों के लिए अध्ययन को अधिक सुलभ, सरल और गुणवत्तापूर्ण बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। इस पहल का उद्देश्य दृष्टिदिव्यांग बच्चों को समान शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराना, उनमें आत्मनिर्भरता विकसित करना तथा समावेशी शिक्षा को बढ़ावा देना है, जिससे वे आधुनिक तकनीक का उपयोग कर अपनी पढ़ाई बेहतर तरीके से कर सकें।अधिकारियों ने किए उपकरण वितरित उपकरण वितरण कार्यक्रम में जिला शिक्षा केंद्र के जिला परियोजना समन्वयक श्री प्रेम नारायण तिवारी एवं एपीसी श्री अनिल त्रिपाठी ने बच्चों को उपकरण प्रदान किए। इस अवसर पर साइटसेवर्स इंडिया के जिला कार्यक्रम प्रमुख श्री भरत पटेल, फैसिलिटेटर श्री शिव शंकर एवं श्री प्रवेश पटेल तथा एमआरसी कटनी श्री लव कुमार द्विवेदी उपस्थित रहे।