कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय पल्स पोलिया अभियान की तैयारियों की समीक्षा कर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने कहा कि जन्म से 5 वर्ष तक का कोई भी बच्चा पोलियो की दवा पीने से वंचित नहीं रहना चाहिए। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। उन्होंने निर्देश दिए कि 22 नवंबर को बूथ दिवस पर सभी केंद्रों पर पर्याप्त दवा, टीकाकरण दल और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। वहीं 23 एवं 24 नवंबर को स्वास्थ्य दल घर-घर पहुंचकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगे। उन्होंने ईंट भट्टों, निर्माण स्थलों, वनग्रामों एवं पहुंचविहीन गांवों में विशेष निगरानी रखने तथा ग्राम स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार कर अभिभावकों को जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्र में मुनादी करवाई जावे।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत खण्डवा श्री ऐश्वर्य वर्मा, अपर कलेक्टर श्रीमती श्रद्धा शुक्ल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ओपी जुगतावत, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. अनिल तंतवर सहित स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा विभाग और पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग सभी विभागो के अधिकारी उपस्थित थे।


