मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्ष श्रीमती संगीता मदान के मार्गदर्शन में जिले में 14 से 27 नवम्बर 2026 तक न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इसके अंतर्गत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मुरैना एवं तहसील विधिक सेवा समितियों अम्बाह, जौरा एवं सबलगढ़ द्वारा विभिन्न विधिक जागरूकता एवं जनहितकारी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह के तहत सोमवार, 16 नवम्बर को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा केकेएस बालगृह, शिशुगृह एवं बाल संप्रेक्षण गृह मुरैना का निरीक्षण किया गया तथा विधिक साक्षरता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री दिनेश सिंह राणा ने उपस्थित बच्चों को नशे एवं मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्परिणामों, उनकी रोकथाम तथा समय पर सहायता प्राप्त करने के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को पॉक्सो एक्ट, साइबर सुरक्षा एवं निःशुल्क विधिक सहायता के प्रावधानों से अवगत कराया। साथ ही नालसा की संबंधित योजनाओं की जानकारी देते हुए राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की हेल्पलाइन नंबर 15100 के बारे में बताया। कार्यक्रम में किशोर न्याय बोर्ड मुरैना की प्रिंसीपल मजिस्ट्रेट श्रीमती ज्योत्सना तोमर, जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री बृजेन्द्र सिंह भदौरिया सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह के तहत बालगृह, शिशुगृह एवं बाल संप्रेक्षण गृह का निरीक्षण कर बच्चों को दी विधिक जानकारी
नशे के दुष्परिणाम, पॉक्सो एक्ट, साइबर सुरक्षा एवं निःशुल्क विधिक सहायता के प्रति किया जागरूक
हंगामा डेस्क · 16 नवंबर 2026 · 2 मिनट


