रायसेन स्थित प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, स्वामी विवेकानंद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सत्र 2026-27 के युवा उत्सव का आयोजन प्रारंभ हो गया है। इसके अंतर्गत विद्यार्थियों की सांस्कृतिक, साहित्यिक, संगीत एवं रचनात्मक प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएगीं। प्रतियोगिताओं का आयोजन 18 एवं 19 नवंबर को महाविद्यालय के सेमिनार हॉल में किया जाएगा। 18 नवंबर को वाद-विवाद, वक्तृत्व एवं प्रश्न मंच प्रतियोगिताएं होंगी। वाद-विवाद एवं वक्तृत्व के विषय प्राचीन भारतीय ज्ञान की आधुनिक भारत के निर्माण में भूमिका तथा विश्वशांति के आधार के रूप में आधुनिक भारत के नैतिक एवं सांस्कृतिक मूल्य निर्धारित किए गए हैं। प्रश्नमंच प्रतियोगिता भारतीय संस्कृति एवं भारतीय ज्ञान परंपरा पर आधारित होगी। इसी दिन स्पॉट पेंटिंग, पोस्टर निर्माण, कार्टूनिंग, रंगोली, क्ले मॉडलिंग एवं कोलाज प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। दिनांक 19 नवंबर को सांस्कृतिक एवं संगीत विधाओं की प्रतियोगिताएं होंगी। इनमें एकल एवं समूह नृत्य, लोक नृत्य, क्रिएटिव कोरियोग्राफी, एकांकी, मूकाभिनय, स्किट, मिमिक्री, शास्त्रीय एवं सुगम गायन, समूह गायन तथा एकल वादन शामिल हैं। सांस्कृतिक विधाओं की सभी प्रतियोगिताएं भारतीय ज्ञान परंपरा पर आधारित होंगी। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ यूनुस खान के मार्गदर्शन में आयोजित युवा उत्सव विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ भारतीय संस्कृति एवं ज्ञान परंपरा से जुड़ने का अवसर प्रदान करेगा। युवा उत्सव प्रभारी श्रीमती कृति राय ने प्रतियोगिताओं में सहभागिता करने वाले विद्यार्थियों को आवश्यक दस्तावेज एवं तीन पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाने के निर्देश दिए गए हैं।