मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने तथा उनकी समस्याओं का गांव में ही निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जन विश्वास अभियान के तहत सोहागपुर जनपद पंचायत के ग्राम बरतता में आयोजित शिविर में उद्योग संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
उद्योग संवाद शिविर में सीईओ जिला पंचायत एवं प्रबंधक श्रीमती जूही खटीक तथा एलडीएम श्री अमित चौरसिया ने उपस्थित ग्रामीणों, स्व-सहायता समूह की महिलाओं एवं युवाओं को विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं, बैंकिंग प्रक्रियाओं, ऋण प्राप्त करने की प्रक्रिया तथा शासन द्वारा संचालित वित्तीय सहायता योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शासन की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के युवा एवं महिलाएं स्वयं का व्यवसाय प्रारंभ कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकते हैं। इसके लिए बैंकिंग प्रक्रिया, ऋण आवेदन एवं आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी होना जरूरी है।
शिविर में स्वरोजगार एवं आजीविका के क्षेत्र में सफलता प्राप्त करने वाले हितग्राहियों ने अपने अनुभव साझा किए। स्व-सहायता समूह की महिला हितग्राही श्रीमती गीता बैगा एवं श्रीमती कुसुम सोनी ने समूह के माध्यम से आर्थिक गतिविधियों से जुड़ने और आत्मनिर्भर बनने की अपनी सफलता की कहानी बताई। इसी प्रकार किसान श्री वाल्मीकि कुशवाहा तथा स्वरोजगारी श्री दीपक कुमार गुप्ता ने भी अपनी सफलता के अनुभव साझा करते हुए बताया कि शासन की योजनाओं एवं बैंकिंग सहायता से उन्हें अपनी आर्थिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने में मदद मिली है।
हितग्राहियों ने बताया कि स्वरोजगार से जुड़ने के बाद उनकी आय में वृद्धि हुई है तथा परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है। उन्होंने अन्य ग्रामीणों को भी शासन की योजनाओं का लाभ लेकर स्वरोजगार अपनाने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
शिविर में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने ग्रामीणों से शासन की स्वरोजगार योजनाओं का लाभ उठाने तथा बैंक एवं संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर अपनी आजीविका गतिविधियों को आगे बढ़ाने की अपील की।
कार्यक्रम में विधायक द्वय श्री जयसिंह मरावी एवं श्रीमती मिनीषा सिंह, कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हीरावती कोल, जिला पंचायत सदस्य श्री जगन्नाथ शर्मा, एसडीएम श्रीमती अमृता गर्ग, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत सोहागपुर श्रीमती ममता मिश्रा, श्री रविकांत त्रिपाठी, जनपद सदस्य, ग्राम पंचायत के सरपंच एवं पंच सहित आसपास की छह ग्राम पंचायतों के ग्रामीण तथा विभिन्न विभागों के जिला एवं खंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।



