कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत जन शिक्षण संस्थान श्योपुर द्वारा स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसी क्रम में संस्थान द्वारा ग्राम पाण्डोला में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों ने पौधारोपण कर स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

संस्थान के कार्यक्रम अधिकारी श्री राजेश मीणा ने बताया कि देश को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के उद्देश्य से संचालित स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष स्वच्छता के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।

अधिक से अधिक पौधे लगाने से पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित एवं स्वच्छ वातावरण तैयार किया जा सकता है।

सरपंच प्रतिनिधि श्री कमरूद्धीन अंसारी ने कहा कि पेड़-पौधों की अधिकता से वातावरण का तापमान नियंत्रित रहता है और गर्मी का प्रभाव कम होता है। उन्होंने कहा कि वन पृथ्वी को बंजर होने से बचाने के साथ मिट्टी के कटाव एवं भूस्खलन को रोकने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। गांव और शहरों में हरियाली बढ़ने से पर्यावरण संरक्षण के साथ पर्यटन को भी बढ़ावा मिल सकता है, जिससे क्षेत्र के आर्थिक विकास में सहयोग मिलेगा। पौधारोपण कार्यक्रम में संस्थान की कार्यक्रम सहायक कार्यक्रम अधिकारी सुश्री प्रीति भार्गव, पंचायत सचिव श्री प्रमोद मावई, जीआरएस श्री सत्यनारायण सेन सहित ग्राम पाण्डोला के ग्रामीणजन उपस्थित रहे।