म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री राजेन्द्र प्रसाद सोनी के निर्देशन में उल्लास अभिनव प्रयोग के तहत मेडिएशन सेंटर न्यायालय पोहरी में विशेष शिविर का आयोजन किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शिवपुरी की सचिव श्रीमती रंजना चतुर्वेदी के समन्वय से 02 अक्टूबर को आयोजित इस शिविर का मुख्य उद्देश्य क्षमता निर्माण सत्रों और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से कर्मचारियों व महिला कर्मचारियों के कल्याण एवं उत्साहवर्धन को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ श्रीमती अंजलि पटेल, व्यवहार न्यायाधीश वरिष्ठ खंड एवं अध्यक्ष तहसील विधिक सेवा समिति पोहरी द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर तहसील मुख्यालय पर पदस्थ न्यायालयीन कर्मचारीगण, विद्वान अधिवक्तागण एवं उनके परिजन व बच्चे बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंतर्गत बच्चों के लिए चित्रकला, संगीत, नृत्य एवं कैरम जैसी विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इसके साथ ही अधिवक्ताओं और कर्मचारियों के लिए विधिक साक्षरता शिविर भी आयोजित किया गया, जिसमें कार्यस्थल पर क्षमता निर्माण और विधिक प्रक्रियाओं से संबंधित उपयोगी जानकारी साझा की गई। इस अभिनव एवं उल्लासपूर्ण आयोजन में पोहरी तहसील मुख्यालय पर पदस्थ अधिकारी, कर्मचारीगण, अधिवक्ता संघ के सदस्य तथा उनके परिवारजन उपस्थित रहे। आयोजन के माध्यम से कर्मचारी कल्याण और आपसी समन्वय को सुदृढ़ करने का सकारात्मक संदेश दिया गया।
उल्लास अभिनव प्रयोगः मेडिएशन सेंटर पोहरी में अधिवक्ताओं, कर्मचारियों और बच्चों के लिए विशेष शिविर आयोजित
हंगामा डेस्क · 2 अक्टूबर 2026 · 2 मिनट


