विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा, आत्मविश्वास, संवाद कौशल एवं व्यक्तित्व विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, संजय गांधी स्मृति शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय सीधी में आयोजित 11 दिवसीय निःशुल्क नाट्य कार्यशाला का बुधवार 4 नवंबर को भव्य समापन हुआ। इस अवसर पर कार्यशाला में प्रशिक्षित विद्यार्थियों ने नाटक ‘बीरबल’ का प्रभावशाली मंचन कर अपनी अभिनय प्रतिभा का परिचय दिया। विद्यार्थियों की संवाद अदायगी, भावाभिव्यक्ति एवं मंचीय अनुशासन ने उपस्थित दर्शकों की खूब सराहना बटोरी।
कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों को अभिनय, संवाद अदायगी, शारीरिक अभिव्यक्ति, मंच अनुशासन, संगीत एवं नाट्य प्रस्तुति की विभिन्न विधाओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के बाद विद्यार्थियों ने मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए साबित किया कि उचित मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर उनमें रंगमंच की अपार संभावनाएं हैं।
नाटक ‘बीरबल’ का आलेख, संगीत परिकल्पना एवं निर्देशन रोशनी प्रसाद मिश्र ने किया। कार्यशाला की परिकल्पना नीरज कुंदेर ने की। रोशनी प्रसाद मिश्र ने कार्यशाला निर्देशक के रूप में प्रशिक्षण से लेकर अंतिम प्रस्तुति तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
22 विद्यार्थियों ने निभाई विभिन्न भूमिकाएं
नाटक में अनुराधा सिंह, वर्षा शुक्ला, प्रांजली शर्मा, प्रतिमा साकेत, शिक्षा चतुर्वेदी, आकांक्षा चतुर्वेदी, विद्याकांत चतुर्वेदी, शुभम रजक, सुमित केवट, साक्षी उपाध्याय, पुष्पेन्द्र गुप्ता, आकाश वर्मा, अमन द्विवेदी, प्रिया सिंह गहरवार, सुहानी कुशवाहा, रोहित कुमार पाण्डेय, रोशनी विश्वकर्मा, रोहिणी प्रजापति, रोशनी गुप्ता, ओमकार पाण्डेय, प्रीती सिंह एवं सचिन वर्मा ने विभिन्न भूमिकाओं का निर्वहन किया।
मंच के पीछे सहयोगियों का रहा महत्वपूर्ण योगदान
नाट्य प्रस्तुति में वस्त्र विन्यास एवं संगीत सहयोग प्रजीत कुमार साकेत, ढोलक वादन देवेन्द्र तिवारी, प्रकाश परिकल्पना रजनीश कुमार जायसवाल तथा रूप सज्जा दीपिका सिंह बघेल ने की। सभी सहयोगियों के समन्वित प्रयासों से प्रस्तुति प्रभावशाली बनी।
प्राचार्य एवं वरिष्ठ प्राध्यापक ने विद्यार्थियों का बढ़ाया उत्साह
प्रस्तुति के उपरांत महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रभाकर सिंह एवं वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. अनिल सिंह ने विद्यार्थियों के अभिनय एवं मंचीय प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि रंगमंच विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास, रचनात्मकता एवं अभिव्यक्ति क्षमता को विकसित करने का सशक्त माध्यम है। इस तरह की कार्यशालाएं विद्यार्थियों को अपनी छिपी प्रतिभा पहचानने और उसे मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर देती हैं। उन्होंने आयोजन से जुड़ी संस्थाओं, प्रशिक्षकों एवं प्रतिभागियों को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं तथा विद्यार्थियों को भविष्य में भी सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर डॉ. दिलीप सोनी, डॉ. राजकुमार सिंह सोर्तिया, डॉ. राममिलन प्रजापति, डॉ. आकाश गुप्ता, डॉ. उमेश सोनी सहित महाविद्यालय के समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
तीन संस्थाओं के संयुक्त तत्वावधान में हुआ आयोजन
11 दिवसीय निःशुल्क प्रस्तुति-परक नाट्य कार्यशाला का आयोजन इन्द्रवती नाट्य समिति, सीधी; एक्सट्रीम आर्ट एंड एजुकेशनल सोसायटी, सीधी तथा संजय गांधी महाविद्यालय, सीधी के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यशाला को कलेक्टर विकास मिश्रा एवं महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रभाकर सिंह का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। कार्यशाला का संयोजन डॉ. राजकुमार सिंह सोर्तिया ने किया। आयोजन में जिला प्रशासन सीधी का विशेष सहयोग रहा।
कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को रंगमंच की व्यावहारिक समझ प्रदान करने के साथ उनकी कलात्मक प्रतिभा को निखारना और अभिव्यक्ति के लिए मंच उपलब्ध कराना था। नाटक ‘बीरबल’ की सफल प्रस्तुति के साथ कार्यशाला का समापन हुआ। आयोजन ने यह संदेश दिया कि रंगमंच केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि शिक्षा, संस्कार, व्यक्तित्व निर्माण और सामाजिक चेतना के विकास का भी सशक्त माध्यम है।


