जिले के कुशल कारीगरों एवं श्रमिकों को रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से युवा संगम (जॉब फेयर) में विशेष पहल की जा रही है। इसके तहत प्रथम श्रमणा सहकारी समिति मर्यादित, भोपाल द्वारा विशेष स्टॉल लगाया जाएगा। स्टॉल के माध्यम से कारीगरों एवं श्रमिकों को ‘काल कारीगर’ मोबाइल ऐप से जोड़कर उनके कौशल के अनुरूप काम उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे। इच्छुक व्यक्तियों के ऑनलाइन एवं ऑफलाइन पंजीयन की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
सहायक श्रम पदाधिकारी ने बताया कि प्रथम श्रमणा सहकारी समिति मर्यादित, भोपाल श्रम विभाग, मध्यप्रदेश शासन के अंतर्गत मध्यप्रदेश असंगठित शहरी एवं ग्रामीण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा समर्थित संस्था है। समिति का पंजीयन 18 नवंबर 2025 को हुआ है। समिति द्वारा तकनीकी एवं घरेलू सेवाओं से जुड़े कारीगरों और श्रमिकों को रोजगार के अवसरों से जोड़ने के लिए ‘काल कारीगर’ ऐप संचालित किया जा रहा है, जो गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध है।
युवा संगम मेले में लगाए जाने वाले स्टॉल पर ऐप की कार्यप्रणाली, पंजीयन की प्रक्रिया, समिति की गतिविधियों तथा रोजगार एवं स्वरोजगार से संबंधित अवसरों की जानकारी पोस्टर एवं पीपीटी के माध्यम से दी जाएगी। साथ ही इच्छुक कारीगरों एवं श्रमिकों का मौके पर ही पंजीयन कराया जाएगा।
इस पहल के माध्यम से प्लंबर, इलेक्ट्रिशियन, बढ़ई, पेंटर सहित विभिन्न तकनीकी एवं घरेलू सेवाओं से जुड़े कुशल श्रमिकों को अपने हुनर के अनुरूप काम प्राप्त करने तथा स्वरोजगार की संभावनाओं से जुड़ने का अवसर मिलेगा। इसका उद्देश्य स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कौशल का बेहतर उपयोग करते हुए कारीगरों को रोजगार के मंच से जोड़ना और उनकी आजीविका के नए अवसरों का विस्तार करना है।


