दीपावली पर्व 2026 के अवसर पर आतिशबाजी एवं पटाखों के अस्थायी लाइसेंस प्राप्त करने के इच्छुक आवेदकों के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया निर्धारित की गई है। आवेदक एम.पी. ई-सर्विस पोर्टल के माध्यम से 2 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। अस्थायी लाइसेंस के लिए आवेदन करने वाले आवेदकों को ऑनलाइन किए गए आवेदन की प्रति के साथ निर्धारित आवश्यक दस्तावेज अनुविभागीय दण्डाधिकारी कार्यालय, विदिशा में जमा करना अनिवार्य होगा। आवेदक द्वारा आवेदन करने के दूसरे दिवस कार्यालय में दस्तावेज जमा कराए जाने होंगे। शासकीय अवकाश के दिवस को छोड़कर कार्यालयीन दिवस में दस्तावेज जमा किए जा सकेंगे। आवेदन के साथ आवेदक को आयु सत्यापन के लिए स्कूली प्रमाण-पत्र अथवा अन्य वैध दस्तावेज, पिछले वर्ष अनुविभागीय दण्डाधिकारी कार्यालय, विदिशा से जारी अस्थायी लाइसेंस की प्रति, लाइसेंस शुल्क जमा करने की रसीद की प्रति तथा आधार कार्ड की छायाप्रति प्रस्तुत करना आवश्यक होगा। प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि ऑनलाइन आवेदन करने के बाद निर्धारित समयावधि में आवश्यक दस्तावेज कार्यालय में जमा नहीं कराने पर आवेदक का अस्थायी लाइसेंस जारी नहीं किया जाएगा। साथ ही, 2 नवंबर 2026 की निर्धारित अंतिम तिथि के पश्चात प्राप्त होने वाले किसी भी आवेदन को मान्य नहीं किया जाएगा। आतिशबाजी के अस्थायी लाइसेंस के लिए इच्छुक आवेदकों से निर्धारित अंतिम तिथि का विशेष ध्यान रखते हुए समय-सीमा में ऑनलाइन आवेदन करने तथा आवश्यक दस्तावेज अनिवार्य रूप से कार्यालय में जमा कराने की अपील की गई है।
दीपावली पर्व के लिए आतिशबाजी के अस्थायी लाइसेंस हेतु 2 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन
हंगामा डेस्क · 22 अक्टूबर 2026 · 2 मिनट


