बालिकाओं में रचनात्मक प्रतिभा, आत्मविश्वास एवं आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करने के उद्देश्य से महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा सराहनीय पहल की गई है। कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में बालिका संप्रेक्षण गृह, विदिशा की बालिकाओं द्वारा तैयार किए गए आकर्षक एवं हस्तनिर्मित दीपावली उत्पादों के विक्रय के लिए कलेक्ट्रेट परिसर में विशेष स्टॉल लगाया गया था।
अपर कलेक्टर श्रीमती मीना मेसराम के द्वारा स्टॉल विशेष निगरानी करते हुए उत्पादकों को देखा ही नहीं वरन अधिकारी कर्मचारियों के द्वारा मनमाफिक समाग्री का क्रय किया गया था।
स्टॉल में बालिकाओं ने अपनी मेहनत, लगन और रचनात्मक सोच से तैयार किए गए दीपावली पर्व से संबंधित विभिन्न सजावटी एवं उपयोगी उत्पादों का प्रदर्शन किया। बालिकाओं द्वारा स्वयं तैयार की गई हस्तनिर्मित सामग्री को देखकर कलेक्ट्रेट परिसर में आने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों ने उनके हुनर की सराहना की तथा उत्पादों की खरीदारी कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस पहल के माध्यम से बालिकाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ ही अपने द्वारा तैयार किए गए उत्पादों के विक्रय का व्यावहारिक अनुभव भी प्राप्त हो रहा है। इससे उनमें कार्य के प्रति रुचि, आत्मविश्वास, सृजनात्मकता एवं आर्थिक आत्मनिर्भरता की समझ विकसित करने में मदद मिलेगी। विशेष बात यह है कि स्टॉल से प्राप्त विक्रय राशि का उपयोग बालिकाओं के लिए चांदी के आभूषण क्रय करने में किया जाएगा, जिससे उन्हें अपनी मेहनत का सकारात्मक प्रतिफल भी प्राप्त होगा।
बालिका संप्रेक्षण गृह की अधीक्षक श्रीमती आकांक्षा मरावी ने बताया कि बालिकाओं के सर्वांगीण विकास के लिए इस प्रकार की गतिविधियां महत्वपूर्ण हैं। इनके माध्यम से बालिकाओं को अपनी रचनात्मक प्रतिभा को निखारने, नए कौशल सीखने और अपनी मेहनत के माध्यम से उपलब्धि हासिल करने का अवसर मिलता है। ऐसी गतिविधियां बालिकाओं में आत्मसम्मान, आत्मविश्वास एवं आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा को मजबूत करती हैं।


