बालिकाओं के संरक्षण, शिक्षा, पोषण एवं उज्ज्वल भविष्य को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा निरंतर प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता के विशेष प्रयासों एवं मार्गदर्शन में जिले में बालिकाओं को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करने की दिशा में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की गई है।

स्पॉन्सरशिप योजना अंतर्गत जिले की कुल 431 बालिकाओं को पात्रता प्रदान की गई है। इस योजना के माध्यम से जरूरतमंद एवं पात्र बालिकाओं को आर्थिक संबल प्रदान कर उनकी शिक्षा, देखभाल एवं बेहतर भविष्य सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। वहीं, बालिकाओं के सर्वांगीण विकास एवं भविष्य को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से 170 बालिकाओं को लाड़ली लक्ष्मी योजना से भी जोड़ा गया है।

कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता द्वारा बालिकाओं के हितों को प्राथमिकता देते हुए संबंधित विभागों को पात्र बालिकाओं की पहचान करने, योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा शत-प्रतिशत पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला प्रशासन की इस पहल से जरूरतमंद बालिकाओं को आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के साथ ही उनके शिक्षा और विकास के अवसरों को मजबूती मिलेगी। यह प्रयास बालिकाओं को आत्मनिर्भर, सशक्त एवं सुरक्षित भविष्य की ओर अग्रसर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

जिला प्रशासन बालिकाओं के उज्ज्वल भविष्य, उनके अधिकारों के संरक्षण एवं उन्हें शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।