आगर मालवा समेत पूरे मध्यप्रदेश में स्वामित्व अधिकार, अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन कार्यक्रम-2026 की शुरुआत 17 सितंबर से होगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कलेक्टरों से कहा है कि अभियान की लगातार निगरानी की जाए और अभिलेखों से जुड़े काम में त्रुटि न हो।

सितंबर में दो चरणों में चलेगा कार्यक्रम

कार्यक्रम का पहला चरण 17, 18 और 19 सितंबर को आयोजित किया जाएगा। दूसरा चरण 24, 25 और 26 सितंबर को होगा, जबकि आवश्यकता पड़ने पर 1, 2 और 3 अक्टूबर 2026 को भी अभियान संचालित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के कमिश्नरों और कलेक्टरों के साथ तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने 17 सितंबर से पहले सभी तैयारियां पूरी करने तथा प्रक्रिया में पारदर्शिता और शुचिता बनाए रखने के निर्देश दिए।

अधिकारियों को अभियान की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने को भी कहा गया है। मुख्यमंत्री के अनुसार प्रभावी निगरानी के साथ यह सुनिश्चित करना होगा कि पात्र लोगों को कार्यक्रम की समय-सारिणी पता हो।

सेवा संकल्प अभियान की भी समीक्षा

बैठक में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने संबंधित तैयारियां समय-सीमा में पूरी कर अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने जन विश्वास अभियान के अंतर्गत जिले और प्रदेश में किए जा रहे सकारात्मक कार्यों की भी समीक्षा की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में आगर मालवा कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना, एडीएम डॉ. शालिनी श्रीवास्तव, जिला पंचायत सीईओ बीएस सोलंकी, एसडीएम मिलिंद ढोके तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।