निर्वाचक नामावली के निरंतर अद्यतन के तहत जिले के प्रत्येक मतदान केंद्र पर 7, 8 एवं 9 अक्टूबर को विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। शिविर का समय प्रातः 10 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित है। इनमें मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से छूटे पात्र नागरिकों तथा 18-19 वर्ष आयु वर्ग के नए मतदाताओं के नाम जोड़े जाएंगे।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विकास मिश्रा ने बुधवार को शासकीय हाई स्कूल कोतरकला सीधी एवं कार्यालय जनपद पंचायत सीधी स्थित मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से शिविरों के आयोजन और मतदाता सूची के अद्यतन की जानकारी ली तथा आवश्यक निर्देश दिए।
विशेष शिविरों में एएसडीआर (अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत एवं दोहरी प्रविष्टि) मतदाताओं की सूची के आधार पर पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने की कार्यवाही की जाएगी। एसआईआर के दौरान 2003 की जानकारी उपलब्ध नहीं होने के कारण जिन पात्र मतदाताओं के नाम हट गए हैं, उनके नाम भी नियमानुसार शामिल किए जाएंगे।
प्ररूप-6 में घोषणा पत्र की अनिवार्यता समाप्त कर दी गई है। मतदाताओं से घोषणा पत्र नहीं भराया जाएगा। अभियान में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को भी सहयोगी के रूप में शामिल किया गया है।
शिविरों में प्राप्त आवेदनों की जानकारी प्रतिदिन संकलित कर जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। पात्र नागरिकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित तिथियों में अपने निकटतम मतदान केंद्र पहुंचकर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने अथवा आवश्यक सुधार की कार्यवाही कराएं।


